कुरुक्षेत्र। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों में उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए उत्साह देखने को मिल रहा है। महाविद्यालयों से ज्यादा विश्वविद्यालयों में दाखिलों के लिए पोर्टल खुलने का विद्यार्थी इंतजार कर रहे हैं। विद्यार्थी प्राथमिकता के तौर पर विवि को ले रहे हैं, कोई ऑप्शन न होने के बाद महाविद्यालय का रुख करने की बात कह रहे हैं। विद्यार्थी और अभिभावक अपने दस्तावेजों को जुटाने में लग गए हैं।
12वीं कक्षा में एचबीएसई के 5775 और सीबीएसई के करीब पांच हजार विद्यार्थी क्वालिफाई हुए हैं। ऐसे में आठ हजार सीटों पर 10 हजार से अधिक विद्यार्थी दाखिले की दौड़ में हैं। निदेशालय की ओर से राजकीय, एडेड और स्व वित्तपोषित महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष दाखिलों के लिए 19 मई से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि अभी किस विद्यालय में कितने पंजीकरण आए इसका कोई डाटा नहीं है। अभी महाविद्यालय अपने स्तर पर विद्यालय के पास आउट विद्यार्थियों को दाखिले के लिए प्रेरित कर रहा है।
जिले के भगवान परशुराम कॉलेज, दयानंद महिला महाविद्यालय थानेसर, राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल, इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज लाडवा, डीएवी कॉलेज पिहोवा, राजकीय कॉलेज भेरियां, पिहोवा, सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या कॉलेज लोहार माजरा, राजकीय कॉलेज चम्मू कलां, इशरजोत डिग्री कॉलेज, मारकंडा नेशनल कॉलेज शाहाबाद , आर्य कन्या महाविद्यालय शाहाबाद, द्रोणाचार्य डिग्री कॉलेज कुरुक्षेत्र, मनीष पपनेजा मेमोरियल एसडी गर्ल्स कॉलेज इस्माईलाबाद में यूजी के दाखिले की दौड़ में विद्यार्थी हैं। कुवि के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज में अभी दाखिला के लिए पोर्टल ओपन नहीं हुआ है।
पंजीकरण का डाटा निदेशालय द्वारा नहीं किया गया साझा : प्राचार्य
राजकीय कन्या महाविद्यालय पलवल की प्राचार्य डॉ. गगनदीप कौर का कहना है कि यूजी के दाखिला के लिए अभी 19 मई को पोर्टल ओपन ही हुआ है, जिसमें आवेदन के लिए विद्यालयों और ग्राम पंचायतों से संपर्क साधा जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी महाविद्यालय में दी जा रही सुविधाओं और सीटों के ब्योरा को विस्तृत किया गया है। दाखिला के लिए कमेटी गठित कर दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर रहे हैं, जिसका डाटा निदेशालय द्वारा साझा नहीं किया गया।
दाखिला के लिए विद्यार्थियों को किया जा रहा प्रोत्साहित
संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। इंदिरा गांधी नेशनल कॉलेज में दाखिला के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. कुशल पाल ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 19 मई से प्रारंभ हो चुकी है। 12 उत्तीर्ण विद्यार्थी अपनी रुचि एवं योग्यता अनुसार मनपसंद कोर्स में प्रवेश ले सकते हैं।
प्राचार्य डॉ. कुशल पाल ने बताया कि राज्य के प्रतिष्ठित महाविद्यालयों में से एक है। वर्ष 2023 में इसे राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद् द्वारा उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए ग्रेड ए प्रदान किया गया था। कॉलेज की मुख्य विशेषताएं हरा-भरा, स्वच्छ और अनुशासित परिसर, देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से शिक्षित, नेट एवं पीएचडी धारक योग्य शिक्षकगण, छात्राओं के लिए सुरक्षित व अनुकूल वातावरण, आधुनिक खेल सुविधाएं, एनसीसी, एनएसएस, यूथ रेड क्रॉस, वाई-फाई-सक्षम परिसर, समृद्ध पुस्तकालय, अत्याधुनिक विज्ञान व कंप्यूटर प्रयोगशालाएं और संपूर्ण परिसर में सीसीटीवी निगरानी प्रणाली है। कॉलेज में बीए में 430, बीकॉम में 140, बीएससी मेडिकल में 45 एवं नॉन-मेडिकल में 130 सीटों पर प्रवेश प्राप्त कर सकते है। उन्होंने बताया कि इसी के साथ गत वर्ष शुरू हुए बैचलर्स ऑफ लाइब्रेरी एंड इंर्फोमेशन साइंस (बीलिब एंड इंफ एससी ) तथा मास्टर ऑफ आर्ट्स इन पॉलिटिकल साइंस (एमए पॉलिटिकल साइंस) को भी विद्यार्थियों द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
लाडवा। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. कुशल पाल ।
लाडवा। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. कुशल पाल ।