संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। बदरपुर गांव में एक युवक पर बेसहारा गोवंश के साथ कुकृत्य करने का आरोप लगा है। पूरी घटना गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही गो रक्षा दल के सदस्य थाना परिसर में एकत्र हुए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उन्हें अपने बड़े भाई पर गोवंश के साथ अनुचित व्यवहार करने का शक था। तीन सितंबर को शक की पुष्टि के लिए उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें वह गोवंश के साथ कुकृत्य करते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना पुलिस और गो रक्षा दल को घटना की सूचना दी। यह भी बताया गया कि आरोपी की गलत हरकतों के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। सूचना मिलने पर गोपुत्र सेना के जिलाध्यक्ष राहुल पाहवा के नेतृत्व में गो रक्षा दल की टीम थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।