जापान भेजने के नाम पर 16.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी ने 15 लाख रुपये में जापान भेजने का आश्वासन दिया था, मगर आरोपी ने शिकायतकर्ता के बेटे को न जापान भेजा और न ही उसके पैसे लौटाए। पुलिस ने आरोपी अमरजीत वासी निवारसी को अदालत के आदेश पर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
अशोक कुमार वासी जिंदल सिटी ने 25 अप्रैल को अमरजीत, बेटे सचिन व सुमित वासी भूखड़ी व अनमोल वासी लाडवा के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि अमरजीत उसका जानकार है। अमरजीत ने बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है। उसके बेटे सचिन व सुमित विदेश में रहते हैं। आरोपी ने उसके बेटे मंदीप कुमार को 15 लाख रुपये में जापान भेजने का आश्वासन दिया था। उसने मंदीप के कागजात व पासपोर्ट तथा अलग-अलग किस्तों में 11 लाख 20 हजार रुपये दिए थे। पैसे लेकर आरोपी ने उसके बेटे को इंडोनेशिया भेज दिया था। वहां पहुंचने पर पता चला कि उसके बेटे का वीजा फर्जी है। वहां से निकलवाने के नाम पर आरोपी ने उससे पांच लाख रुपये अलग से लिए थे। उसके बाद वहां से भी उसके बेटे को वापस भारत भेज दिया था। वह अपने पैसे मांगने अमरजीत के पास गया तो वहां पर मौजूद अनमोल व उसकी पत्नी ने उसके साथ गाली-गलौज की। उन्होंने न तो उसके पैसे दिए और न ही उसके बेटे को विदेश भेजा। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत के आदेश एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।