पिहोवा। गुहला-चीका रोड पर गाड़ी की टक्कर लगने से बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अमृत शर्मा 39 निवासी गुरु नानक कॉलोनी के रूप में हुई। अमृत शर्मा बाखली पेपर मिल में नौकरी करता था।
गुरु नानक कॉलोनी निवासी कुणाल ने थाना सदर में दर्ज शिकायत में बताया कि वह रविवार रात करीब पौने नौ बजे बाखली के पास अपने काम को पूरा करने के बाद घर के लिए चला था। उसके पिता अमृत शर्मा भी उसी समय पेपर मिल से अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक पर उसके आगे चल रहे थे। डेरा स्याणा सैदां फार्म के नजदीक सामने से आई एक गाड़ी ने उसके पिता की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसके पिता बाइक सहित सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। उसने बाइक रोककर अपने पिता को संभाला और एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसके पिता को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।