कुरुक्षेत्र। कोहरे और धुंध के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इस मौसम में कोहरे व धुंध के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका अत्यधिक बढ़ जाती है। विशेषकर सुबह व देर रात के समय दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि रात के समय सड़क पर खड़े वाहनों के कारण काफी दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस संबंध में सभी थाना व चौकी प्रभारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि रात के समय कोई भी वाहन सड़क पर या सड़क किनारे खड़ा न हो। यदि कोई वाहन चालक सड़क पर या सड़क किनारे वाहन खड़ा किए मिलता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।
इस संबंध में सभी वाहन चालकों को भी सलाह दी कि रात्रि के समय अपना वाहन मुख्य रूप से शहर की मुख्य सड़कों, जिले से गुजरने वाले सभी राजमार्गों, राज्य मार्गों और आउटर बाईपास आदि पर या उनके किनारे खड़ा न करें। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने आमजन से अपील की है कि धुंध के मौसम में यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। आपकी सतर्कता व सावधानी न केवल आपकी बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वाहन चलाते समय क्या करें
1. फॉग लाइट व लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करें। धुंध में केवल लो-बीम हेडलाइट या फाॅग लाइट का ही प्रयोग करें जिससे सामने से आने वाले वाहन चालक को चकाचौंध न हो।
2. वाहन की गति नियंत्रित रखें। सीमित दृश्यता के कारण तेज गति जानलेवा हो सकती है।
3. सुरक्षित दूरी बनाए रखें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें ताकि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में टक्कर से बचा जा सके।
4. इंडिकेटर व हैजार्ड लाइट का सही प्रयोग करें। मुड़ते समय या रुकते समय इंडिकेटर का प्रयोग अवश्य करें।
5. रिफ्लेक्टर टेप व संकेतक अनिवार्य रूप से लगाएं। ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक, ट्रॉली, रेहड़ी व अन्य धीमी गति वाले वाहनों के आगे-पीछे रिफ्लेक्टर टेप व संकेतक अवश्य लगे हों।
6. वाहन के शीशे व वाइपर साफ रखें। धुंध में साफ शीशे और सही ढंग से कार्यरत वाइपर दृश्यता बढ़ाने में सहायक होते हैं।
7. हॉर्न का सीमित व आवश्यकता अनुसार प्रयोग करें। घने कोहरे में चौराहों व मोड़ों पर हल्का हॉर्न संकेत के रूप में उपयोगी हो सकता है।
वाहन चलाते समय क्या न करें
1. तेज बीम लाइट का प्रयोग न करें। हाई-बीम लाइट धुंध में प्रकाश को परावर्तित कर दृश्यता और कम कर देती है।
2. अनावश्यक ओवरटेक न करें। धुंध में सामने से आने वाले वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते हैं जिससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है।
3. अचानक ब्रेक न लगाएं। अचानक ब्रेक से पीछे चल रहे वाहन टकरा सकते हैं।
4. नशे या थकान की अवस्था में वाहन न चलाएं। धुंध में पहले से ही जोखिम अधिक होता है, ऐसे में लापरवाही जानलेवा हो सकती है।
5. सड़क पर या सड़क किनारे वाहन खड़ा न करें। यदि वाहन रोकना अत्यंत आवश्यक हो तो निर्धारित किए गए स्थानों पर ही अपना वाहन खड़ा करें।
पुलिस की आम जनता व वाहन चालकों के लिए विशेष अपील
1. यदि अत्यावश्यक कार्य न हो तो सुबह अत्यधिक धुंध के समय यात्रा करने से बचें।
2. पैदल चलने वाले व्यक्ति सड़क किनारे चले और चमकीले/रि-फ्लेक्टिव कपड़े पहनें।
3. दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनें और गति सीमित रखें।
4. ट्रैक्टर-ट्रॉली व मालवाहक वाहन चालक ओवरलोडिंग से बचें।