कुरुक्षेत्र। कश्यप राजपूत भवन के 45वं स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय सम्मान समारोह कश्यप राजपूत धर्मशाला में मनाया गया है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के बेटे गौरव बेदी और इंद्री से विधायक रामकुमार कश्यप ने मुख्य रूप से शिरकत की। इसमें प्रदेशभर से 250 से ज्यादा मेधावी छात्रों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की तरफ से गौरव बेदी ने 551000 रुपये और विधायक रामकुमार कश्यप ने अपने निजी कोष से 51000 रुपये की घोषणा की।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि कश्यप राजपूत धर्मशाला के स्थापना दिवस पर यह राज्य स्तरीय वार्षिक सामान समारोह का आयोजन बहुत ही भव्य किया गया। उन्होंने कहा इस प्रकार के कार्यक्रम होने चाहिए, जिससे समाज में प्रेरणा मिलती है, जो बच्चे आज यहां सम्मानित किए गए हैं उन बच्चों से भी और समाज के बच्चों को प्रेरणा लेने की जरूरत है। सभा के प्रधान सहित सभी सदस्यों का यह बहुत ही सराहनीय कदम है और इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के सुपुत्र गौरव बेदी ने कहा कि उनके पिता को इस कार्यक्रम में पहुंचना था लेकिन किन्हीं कारणों की वजह से वह नहीं पहुंचे और उनके प्रतिनिधि के तौर पर वे इस कार्यक्रम में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित छात्रों से आगे और बच्चे प्रेरणा लेंगे और अपने समाज का नाम रोशन करेंगे। धर्मशाला में विकास के काम करने को लेकर और शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के सराहनीय कदम करने के लिए मंत्री कृष्ण बेदी की तरफ से उन्होंने पांच लाख 51 हजार रुपये की घोषणा की है, जिससे कश्यप धर्मशाला में शिक्षा के क्षेत्र में और ज्यादा काम किया जाएगा। कश्यप राजपूत सभा के प्रधान राजवीर कश्यप ने कहा कि मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया है।