कुरुक्षेत्र। प्रतिबद्ध प्रयास संस्था की ओर से कलाकीर्ति भवन स्थित मल्टी आर्ट सेंटर में पांचवें वार्षिक महोत्सव के तहत स्वर तरंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बॉलीवुड के दिवंगत कलाकारों की स्मृति में गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम में मेधावी छात्राओं और कलाकारों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस टीवीएसएन प्रसाद और जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल रहे।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल सैनी ने बताया कि आयोजन सड़क सुरक्षा, स्वच्छ पर्यावरण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान का हिस्सा था। जिले में 12वीं में प्रथम आने वाली अविशा सैनी (गैर चिकित्सा), निशा देवी (चिकित्सा), निशा देवी (वाणिज्य) और दिव्या लक्ष्मी (कला संकाय) को सम्मानित किया गया। इसके अलावा प्रतापगढ़ राजकीय स्कूल की बबली, कल्पना, जस्मीन, कैथल सैनी स्कूल की स्नेहा, मुस्कान, वंशिका और सिरसा स्कूल की उषा, सिमरन व आरती को भी सम्मान मिला। पुष्प लता शर्मा को 11 हजार रुपये और शाल देकर उत्कृष्ट कलाकार पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि बांसुरी वादक प्रकाश चंद को प्रशस्ति पत्र दिया गया।