कुरुक्षेत्र। मौसम में बदलाव के चलते बारिश होने से पारा गिरा है, जिसके चलते जहां पहाड़ी क्षेत्रों में फिर से बर्फबारी देखने को मिल रही हैं तो वहीं मैदानी क्षेत्रों में ठंड का असर फिर से बना है। दो दिन पहले हुई बारिश से ठंड का असर सोमवार अल सुबह देखने को मिला। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखाई दिए हालांकि सुबह से खिली धूप से लोगों को ठंड से राहत मिलती दिखाई दी। लोग ठंड से बचने के लिए धूप का सहारा लेते दिखाई दिए। जहां बच्चे खेल के मैदानों में धूप निकलने पर खेलने पहुंचे तो वहीं बुजुर्ग व्यक्ति भी धूप सेंकने के लिए पार्कों में दिखाई दिए।
वहीं धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी हुई और पिछले दो दिनों से बारिश के कारण खाली दिखाई देने वाले बाजार में सोमवार को रौनक लौट आई। ग्राहकों की भीड़ को देखकर दुकानदार के चेहरों पर भी रौनक लौट आई। मौसम विभाग के अनुसार बारिश से कई जगहों पर ओलावृष्टि हुई हैं, जिससे ठंड का असर फिर से देखने को मिल रहा है। जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते भी मैदानी क्षेत्रों में ठंड का असर कुछ दिन बना रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री और न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीबी सिंह का कहना है कि बारिश के बाद पारा गिरने से अभी कुछ दिन ठंड का असर बना रहेगा जबकि दिन में तापमान बढ़ने से लोगों को ठंड से राहत भी मिलेगी। सुबह और शाम को ठंड का ज्यादा असर रहेगा। बारिश से जिले में कई जगहों पर फसलों को नुकसान भी हुआ है। हालांकि आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और मौसम सामान्य होगा।