पिपली। लाडवा रोड पर किशनपुरा गांव के नजदीक बाइक की टक्कर लगने से बाइक पर घर लौट रहे ट्रक मैकेनिक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त गुरमेज सिंह 44 निवासी खैरी के रूप में हुई। गुरमेज सिंह तरावड़ी करनाल में ट्रक मैकेनिक की दुकान करता था। घटना रात सवा आठ बजे की बताई जा रही है।
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में दिनेश कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई गुरमेज सिंह अपनी दुकान बंद करके कुरुक्षेत्र आया था। यहां से वह दोनों भाई अपनी-अपनी बाइक पर अपने गांव खैरी के लिए चले थे। गुरमेज सिंह अपनी बाइक पर उसके आगे चल रहा था। रात करीब सवा आठ बजे किशनपुरा गांव के नजदीक पहुंचे तो एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसके भाई की बाइक के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उसका भाई उछलकर सड़क पर गिर गया। उसके सिर व मुंह से खून बहने लगा। उसने बाइक रोककर उसे उठाया तथा लोगों की मदद से कुरुक्षेत्र अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसके भाई की जांच करके मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मथाना की तरफ भाग गया। पुलिस ने शिकायत पर बाइक नंबर के आधार पर केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। संवाद