शहर के 98,261 मतदाता आज अपनी सरकार चुनेंगे। इनमें से 46,813 महिला व 51,448 पुरुष मतदाता शामिल हैं। जनता आज नगर परिषद के 30 वार्डों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेगी। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगा, जो सांय 5 बजे तक जारी रहेगा। जिसके तत्काल बाद ही मतगणना करने उपरांत परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव के लिए हालांकि सभी प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी जीत के दावों के साथ भरसक प्रयास किए हुए हैं और मंगलवार को भी देर रात तक मतदाताओं को मनाने में जुटे रहे। चुनाव को लेकर जहां प्रशासन ने पूरी तैयारियों के दावे किए हैं तो वहीं पुलिस कर्मियों ने भी बूथों पर मंगलवार दोपहर बाद ड्यूटी संभाल ली। थानेसर के चुनाव को लेकर वार्ड नं 19 से उमा सुधा निर्विरोध चुनी जा चुकी हैं, जिसके चलते अब 30 वार्डों के लिए ही चुनाव होना है। सबसे अधिक घमासान वार्ड नं 10 व 25 मेें होगा, जहां सबसे अधिक 8-8 प्रत्याशी मैदान में उतरे हुए हैं तो वहीं वार्ड नं 2, 3, 7, 9, 14, 20, 21, वार्डों में कांटे का मुकाबला होगा, जहां सिर्फ 2-2 प्रत्याशी ही मैदान में हैं। वार्ड नं 17 में 7 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं तो वहीं वार्ड नं 6, 15, 18, 22 वार्डो में 3-3 प्रत्याशी मैदान में हैं।
बता दें कि चुनाव मैदान में आने के लिए नामांकन करने वाले उम्मीदवारों में पूर्व पार्षद से लेकर निजी व सरकारी नौकरी में शामिल रहे लोग भी शामिल रहे हैं। अनेकों पूर्व पार्षदों ने वार्ड महिला आरक्षित होने के चलते अपनी पत्नी को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने उतारे 31 प्रत्याशी तो इनेलो ने किया 28 का दावा
भाजपा ने चुनाव मैदान में निर्विरोध चुनी गई उमा सुधा के अलावा अन्य सभी वार्डों के लिए 30 प्रत्याशी मैदान में उतारे हुए हैं तो वहीं इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने भी दावा किया है कि पार्टी से जुड़े 28 प्रत्याशी चुनावी जंग में हैं। वहीं कांग्रेस ने खुले तौर पर अपने उम्मीदवारों की संख्या घोषित नहीं की है, लेकिन 5 प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में कांग्रेसी नेताओं के चित्र देखे जा रहे हैं।
8 वार्डों में महिला प्रत्याशी मैदान में
चुनाव में अपना भाग्य आजमाने में महिलाओं को भी भरपूर मौका दिया गया है। 31 वार्डों में से महिलाओं के लिए 9 वार्ड आरक्षित किए हैं, जिनमें वार्ड नं 3, 9, 10, 13, 16, 19,26, 29, 30 वार्ड शामिल हैं। एससी वर्ग महिला के लिए भी वार्ड नं 2 व 17 आरक्षित किए गए हैं। वार्ड नं 19 में चुनाव नहीं होंगे। जिसके चलते अब उक्त में से 8 वार्डों में ही चुनाव होंगे।
'ये बूथ बनाए गए हैं संवेदनशील
चुनाव के लिए बनाए गए कुल 75 बूथों में से बूथ नं 56, 57,58, 69, 70 को अति संवेदनशील घोषित किया हुआ है तो वहीं बूथ नं 52 व 53 को अति संवेदनशील बूथ माना गया है। इन बूथों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी तो अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किया गया है।
निर्धारित समय से 11 माह बाद होंगे चुनाव
थानेसर नगर परिषद चुनाव वर्ष 2010 में 20 मई को हुआ था जिसके 5 वर्ष पूर्ण होने के बाद 4 जून 2015 को भंग हो गई थी। अब लगभग 11 माह बाद ये चुनाव होंगे।
चुनाव के लिए तैयारियां पूरी : कुंडू
थानेसर नगर परिषद के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सतबीर कुंडू ने कहा कि थानेसर नगर परिषद चुनावों को शांति व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीएम सतबीर कुंडू मंगलवार को अग्रसैन पब्लिक स्कूल के सभागार में बूथों पर ड्यूटी देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले एसडीएम सतबीर कुंडू व शाहबाद के एसडीएम हवा सिंह ने आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना करने और करवाने बारे विस्तृत जानकारी दी। एसडीएम सतबीर कुंडू के दिशा-निर्देशानुसार सभी पोलिंग अधिकारियों और उनकी टीम के सदस्यों को ईवीएम मशीन के साथ-साथ चुनावों की बारीकियों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि चुनावों को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करवाने और तमाम गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 10 सेक्टर अधिकारी और 6 अधिकारियों को ड्यूटी ैमजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि सभी बूथों पर पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम भी किए गए हैं।
चुनाव के कारण आज रहेगी छुट्टी
उपायुक्त राजनारायण कौशिक ने बताया कि हरियाणा चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार 25 मई को थानेसर नगर परिषद के चुनाव होने के कारण अवकाश घोषित किया गया है। 25 मई को सभी शिक्षण संस्थान, सरकारी कार्यालय, गैर सरकारी कार्यालय व नियमानुसार तमाम संस्थानों के कार्यालयों की छुट्टी रहेगी।