पिहोवा। कैथल रोड पर हुए सड़क हादसे में करीब 20 वर्षीय एमबीबीएस छात्र मनन की मौत हो गई। मनन दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता दीपक कुमार पिहोवा में आढ़ती हैं।
चाचा सिद्धार्थ ने बताया कि मनन अनाज मंडी से धर्मकांटा पर किसी काम से गया था। लौटते समय कैथल रोड पर सदर थाना मोड़ के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। आरोप है कि कार चालक ने पेट्रोल पंप की तरफ मुड़ने के लिए अचानक कट मारा। टक्कर से मनन बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईँ। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मनन दशहरा मनाने के लिए शनिवार रात छुट्टी लेकर घर आया था। सिटी थाना प्रभारी सुनील वत्स ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव परिजनों को सौंप दिया है।