लाडवा। इंद्री मार्ग पर एक महिला से 10 हजार की नकदी, सोने का कोका, मोबाइल फोन व अन्य जरूरी कागजात छीनने का मामला सामने आया है। महिला ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज का जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में इसलामन निवासी वार्ड नंबर 13 लाडवा ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में खाना बनाने का काम करती है।
चार दिसंबर को रात 8:15 बजे के करीब वह साइकिल से जा रही थी उसके साइकिल के आगे टोकरी में एक थैला रखा हुआ था जिसमें 10 हजार रुपये, सोने का कोका, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, बैंक की कॉपी तथा मोबाइल भी रखा हुआ था। उसी दौरान दो नकाबपोश बाइक सवार पास से गुजरते हुए उसके साइकिल की टोकरी से थैला लेकर भागने लगे। उसने युवकों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन भागने में कामयाब हो गए। उसने घटना की सूचना परिजनों को दी तथा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।