संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। वतन के आगे जीवन कुछ भी नहीं है, यह हमें भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव ने सिखाया है। जवानी में वतन के लिए जान कुर्बान करने वाले इन शहीदों को बुधवार जिलेभर में श्रद्धांजलि दी गई। शहीदी दिवस पर स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थान व सरकारी कार्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक सुभाष सुधा, विधायक रामकरण काला, पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी, डीसी मुकुल कुमार, सीजेएम दुष्यंत चौधरी, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शहीदों को याद किया।
विधायक सुभाष सुधा ने सर्किट हाउस में शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में शहीद भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव का नाम आदरपूर्वक लिया जाता है। इन वीरों की शहादत के कारण ही देशवासियों को आजादी मिली और अंग्रेजों को देश छोड़ कर जाना पड़ा। आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर 15 अगस्त 2023 तक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। इस कार्यक्रमों के जरिए युवा पीढ़ी को शहीदों के बलिदान की गाथा सुनाई जाएगी।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने केयू परिसर में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कहा कि आजादी के आंदोलन में शहीदों के बलिदान को देश की आने वाली पीढियां हमेशा याद रखेंगी। आज हमें भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव व तमाम शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा के साथ देशहित में कार्य करें। हमारे शहीद ही हम सबकी सच्ची विरासत हैं।
शाहाबाद के रणबीर सिंह हुड्डा पार्क में बलिदान दिवस पर विधायक रामकरण काला ने एलान किया शहर में स्थापित शहीदों की सभी प्रतिमाओं को सप्ताह में एक बार साफ किया जाएगा। इन प्रतिमाओं के गले में डाली गई पुष्प मालाएं भी बदली जाएंगी। कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने वतन की आजादी के लिए छोटी से उम्र में ही फांसी पर चढ़ गए। यह प्रमाण है कि वतन की मिट्टी के आगे जीवन कुछ भी मायने नहीं रखता। आज की युवा पीढ़ी को शहीद भगत सिंह को आदर्श मानकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
केयू में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि करते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्?- फोटो : Kurukshetra