फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फंदे में लटका मिला विवाहिता का शव, हत्या का आरोप

Sun, 30 Apr 2017 11:54 PM IST
ब्यूरो/कुरुक्षेत्र,अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन
नंद कालोनी नंबर दो में रविवार को विवाहिता का शव पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला। करीब 32 वर्षीया सीमा पिहोवा के गुरुद्वारा रोड पर अपना बुटीक चलाती थी। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मायके वालों का आरोप है कि सीमा की हत्या कर शव को पंखे पर लटकाया गया है, ताकि हत्या प्रकरण को सुसाइड केस में तब्दील किया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


मृतका के भाई सनी चोपड़ा वासी असमानपुर ने बताया कि उसकी बहन पिछले एक साल से अपने पति से अलग किराए के मकान में रह रही थी और वह अपनी बहन के साथ ही रहता था। आज रविवार होने के चलते सीमा ने अपना बुटीक बंद कर रखा था। सनी ने बताया कि वह सब्जी मंडी में काम करता है और दोपहर को जब घर खाना खाने पहुंचा तो देखा कि घर के सभी दरवाजे खुले पड़े थे। जब वह कमरे के अंदर गया पहुंचा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और उसकी बहन की लाश पंखे पर लटकी हुई थी, जिसे देखकर उसके होश उड़ गए और उसने अपने घरवालों व पुलिस को सूचना दी। बहरहाल पुलिस ने घटनास्थल पर कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल भेजा है। जहां सोमवार को पोस्टमार्टम होगा।

अपने जीजा संदीप पर लगाया हत्या का आरोप
मृतका के भाई सन्नी ने बताया कि उसकी बहन सीमा की शादी पिहोवा की गुरुनानक कालोनी वासी संदीप उर्फ शम्मी के साथ 16 साल पहले हुई थी। इनके दो बच्चे, एक लड़का व लड़की है। उसका जीजा संदीप नशे का आदी है और वह अक्सर उसकी बहन से मारपीट करता था। जिसके चलते कई बार पंचायतें भी हुई। लेकिन इसका उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। जिससे तंग आकर सीमा उससे अलग किराए के मकान पर रहने लगी थी।
विज्ञापन


सीमा ने कोर्ट में पति पर डाला था खर्चे का केस
कोर्ट में भी उसकी बहन ने पति पर खर्चे का केस डाला हुआ था। आरोप लगाते हुए मृतका के भाई सन्नी ने बताया कि उसकी बहन आत्महत्या नहीं कर सकती है। बल्कि उसकी हत्या करके उसका शव पंखे पर लटका दिया गया है। आरोप है कि इस काम में उसके जीजा शम्मी का हाथ है। क्योंकि जब वह घर पहुंचा तो घर के सभी दरवाजे खुले हुए थे और अंदर कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा हुआ था। वहीं दरवाजे के अंदर की कुंडी भी टूटी हुई मिली। उसने कहा कि उसे उसकी बहन का इंसाफ चाहिए और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा : एसएचओ
थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि पुलिस को इस मामले की सूचना मिली थी और सूचना मिलते ही वे पुलिस सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतका के भाई के ब्यान दर्ज कर लिए है और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में ले लिया है और सोमवार को शव पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा यह हत्या है या फिर आत्महत्या और रिपोर्ट के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें