कुरुक्षेत्र। भैया दूज पर्व पर बाजारों में रौनक देखने को मिली। भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का यह पर्व हर साल दीपावली के दो दिन बाद मनाया जाता है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और खुशहाली के लिए पूजा करती हैं और भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी रक्षा का वचन देते हैं। बहनों के लिए भाई उपहार लेते दिखाई दिए तो वहीं बहनें भी अपने भाइयों के लिए खास उपहार, मिठाइयां और पूजन का सामान खरीदती दिखाई दीं।
मोहन नगर बाजार, पालिका बाजार और मुख्य बाजार सहित अन्य शहर के बाजार और गिफ्ट गैलरी पर आकर्षक उपहारों की भरमार है। राखी की तरह ही भैया दूज पर भी बाजार में तोहफे खरीदने की विभिन्न तरह की वैरायटी उपलब्ध हैं। इस बार ज्वैलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, गिफ्ट हैंपर, चॉकलेट और मिठाइयों का चलन अधिक देखने को मिला। दुकानदारों का कहना है कि भैया दूज के मौके पर ग्राहकों का उत्साह देखकर वे काफी खुश हैं। भाइयों ने अपने बहनों के लिए चॉकलेट, ज्वैलरी सहित विभिन्न तरह के उपहार लिए।