इस बार देर से ही पर बीती रात मानसून की पहली बारिश से जहां आमजन को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खुशी लौटी है। मानसून के इंतजार के चलते पानी की कमी से खेत पूरी तरह से सूख चुके थे। कई खेतों में दरारें भी पड़ चुकी थीं, लेकिन पहली बारिश ने खेतों के सूखे गले को फिर से तर कर दिया। वहीं, बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली गुल भी रही तो कई सड़कों और बाजारों में आमजन को जलभराव का सामना भी करना पड़ा। देर रात शुरू हुई बारिश सुबह करीब नौ बजे तक बरसी, जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से घट कर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
हालांकि दोपहर 12 बजे के बाद सूर्यदेव ने फिर से तेवर दिखाने शुरू किए, जिससे अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लेकिन लोगों को आम दिनों की तरह इतनी गर्मी महसूस नहीं हुई। रविवार को जिले में कुल 220.5 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग अनुसार मंगलवार को छोड़कर 7 जून से लेकर 15 जून तक लगातार भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। 11 से लेकर 14 जून तक हो बारिश होने के 80 प्रतिशत संभावना है।
इन इलाकों में रही बत्ती गुल
रात के समय हुई बारिश के दौरान गांव किशनपुरा, सिरसमा, कोलापुर, उमरी, बजीदपुर, अमर कॉलोनी, शंकर कॉलोनी, पिहोवा के गांव असमानपुर, सारसा, झिंवरेहडी, कुरुक्षेत्र की पटियाला बैंक कॉलोनी, एकता विहार, शांति नगर, दिदार नगर, लक्ष्मण कॉलोनी, झांसा रोड स्थित कॉलोनी और कृति नगर सहित कई क्षेत्रों में बिजली प्रभावित रही। सुबह से बिजली गुल होने से इन्वर्टर भी सीटी मारने लगे।
इन स्थानों पर हुआ जलभराव
देर रात बारिश से कई सड़कों पर जलभराव हुआ। हालांकि सुबह तक बारिश बंद हो जाने से पानी सड़कों से उतर गया, जिससे स्थिति सामान्य ही रही। आमतौर पर थानेसर बाजार, पिपली अनाज मंडी, गांव किशनपुरा की सड़क, पिहोवा के कुछ क्षेत्र, कुरुक्षेत्र के सेक्टर-17, देवीलाल चौक, न्यू कॉलोनी, अमीन रोड सहित कुछ क्षेत्रों में जलभराव हुआ। इसके साथ ही पिपली से थर्ड तक निर्माण के लिए जहां-जहां से सड़क उखाड़ी गई है वहां पर वाहन चालकों को बारिश के कारण काफी परेशानी हुई।
बारिश, सब्जी की खेती के लिए जरूरी : डॉ. सीबी सिंह
सब्जी विशेषज्ञ डॉ. सीबी सिंह ने कहा कि बेल वाली सब्जियों की बिजाई के लिए खेत में नमी का होना बहुुत जरूरी है। पिछले कई दिनों से तपती धूप के कारण यह नमी खत्म हो गई थी। अब मानसून की बारिश शुरू हुई है, जोकि सब्जी की बिजाई करने का सबसे अच्छा मौसम है। किसान इस दौरान गोभी, टींडा, भींडी, खीरा, पेठा, करेला, मूली, पालक, मैथी की खेती कर सकते हैं। वहीं जो किसान हल्दी की बिजाई करना चाहते है उनके लिए भी यह समय अच्छा है। डॉ. सीबी सिंह ने कहा कि किसान खेत में डोल बनाकर सब्जी की खेती करें। ऐसा करने से ज्यादा बारिश होने पर उनकी सब्जी डूबेगी नहीं और वहीं पानी की निकासी में भी आसानी रहेगी।