कुरुक्षेत्र। कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित करते हुए आयोजक। स्वयं
कुरुक्षेत्र। मानव मित्र मंडल ने रविवार को श्रीकृष्ण संग्रहालय सभागार में नारी शक्ति सम्मान और छात्र प्रोत्साहन समारोह आयोजित किया। यह आयोजन महारानी लक्ष्मीबाई के बलिदान दिवस पर किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली करीब 30 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
सरकारी विद्यालयों के 18 मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुदेश जाटीयान ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षा सेवानिवृत्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपमा सिंह भी उपस्थित थीं। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। डॉ. सुदेश जाटीयान ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने को कहा। डॉ. अनुपमा सिंह ने महारानी लक्ष्मीबाई के जीवन को साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा बताया। कार्यक्रम संयोजक भारतेंदु हरीश ने मंडल का उद्देश्य बताया। मंडल जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन में सहयोग देता है।
मंडल की उपाध्यक्ष डॉ. अनीता गोयल ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी दी। छात्राओं प्रीति, सानवी और चंचल ने नारी सशक्तीकरण पर कविताएं सुनाईं। संस्था समय-समय पर मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देती है। पिछले एक महीने में कुल 48 विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है। मानव मित्र मंडल सामाजिक सेवा, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के कार्यक्रम लगातार आयोजित कर रहा है।