कुरुक्षेत्र। फाइनल मैच में शॉट लगाता हुआ मानस का खिलाड़ी। संवाद
पिहोवा। एक लाख रुपये की इनामी गौचरांद क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब इस बार मानस (कैथल) की टीम ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में मानस ने शानदार बल्लेबाजी और कसी हुई गेंदबाजी के दम पर मेजबान गौचरांद को 53 रन से हराकर ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि पर कब्जा जमाया। उपविजेता रही गौचरांद की टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मानस की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। निर्धारित चार ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 80 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सौरभ चहल ने नौ गेंदों पर 22 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। पहला विकेट 38 रन पर गिरने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे जसप्रीत ने महज छह गेंदों में 31 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने लगातार चार छक्के जड़े। 81 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गौचरांद की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। मानस के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और पूरी टीम निर्धारित ओवरों में 28 रन ही बना सकी। इसके साथ ही मानस ने 53 रन से मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में विजेता टीम मानस को एक लाख रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता गौचरांद को 51 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। हथीरा और गौचरांद की टीमों को संयुक्त रूप से तीसरे और चौथे स्थान के लिए 7100-7100 रुपये दिए गए। प्रतियोगिता में सतीश (मानस) को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सोनू (मानस) को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया। वहीं ओपन वर्ग में ननहेड़ा के गुलाब और ग्रामीण वर्ग में गौचरांद के साबी को शानदार प्रदर्शन के लिए रेंजर साइकिल देकर मैन ऑफ द टूर्नामेंट सम्मान से नवाजा गया। संवाद