इस्माईलाबाद। थाना झांसा पुलिस ने सलपानी कलां निवासी परमजीत उर्फ पम्मा को गिरफ्तार किया है। उस पर एक व्यक्ति को बंधक बनाकर मारपीट व जबरन रुपये-चेक मांगने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी से पांच चेक और प्रयुक्त बेल बरामद की। 22 जुलाई को सलपानी कलां में बंधक बनाए गए व्यक्ति की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके से कैथल निवासी शत्रुजीत को आरोपी के मकान से छुड़ाया।
शिकायतकर्ता रमेश के अनुसार, परमजीत ने शत्रुजीत को काम के बहाने सलपानी कलां बुलाया। वहां आरोपी ने उसे घर में बंधक बनाकर बेल-रस्सी से बांधा और पिटाई की। उसने धमकाकर पांच चेक और 20 लाख रुपये मंगवाने को मजबूर किया। शत्रुजीत ने फोन पर रिश्तेदार रमेश को घटना की जानकारी दी। रमेश की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को मुक्त कराया। संवाद