संवाद न्यूज एजेंसी
इस्माईलाबाद। शादी समारोह में एनआरआई पर थार चढ़ाकर उसे मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस ने वांछित मुख्य आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान इस्माईलाबाद के रहने वाले दिपांशु के रूप में हुई है। दिपांशु वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में पंजाब तक दबिश दे रही थी।
पुलिस को दी शिकायत में इस्माईलाबाद निवासी शैमिन पंजरथ ने बताया कि 29 मार्च की रात को वह अपने दोस्त साहिल की शादी के महिला संगीत कार्यक्रम में शामिल होने एक पैलेस में अपने साले साहिल कुमार के साथ आया हुआ था।
पैलेस में डीजे पर वह, साहिल कुमार, दिपांशु हवन व अन्य लोग नाच रहे थे। डीजे पर नाचते समय गाने को लेकर दिपांशु हवन की साहिल कुमार के साथ बहस हो गई। रात करीब 12:40 बजे शैमिन, सिमरदीप सिह, रमन नागपाल, विपुल बजाज, साहिल कुमार बाहर पार्किंग में खडे़ थे। उसी समय सामने से एक काले रंग की थार आई और साहिल कुमार को जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी, जिसमें शैमिन को भी चोटें आई। उसके बाद दिपांशु ने थार को दोबारा फिर साहिल के ऊपर चढा दी और गाड़ी चढ़ाकर भाग गया। दिपांशु घायल साहिल कुमार को उपचार के लिए अंबाला के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने साहिल कुमार को मृत घोषित कर दिया।