पुलिस नेे नशा देकर लूटने के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 15 सितंबर को पुलिस को दी शिकायत में ताराचंद वासी सुनहेडी खालसा ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र में मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान करता है। 12 सितंबर को एक औरत व एक व्यक्ति उसकी दुकान पर आए और उसे बुलेट मोटरसाइकिल दिलवाने की बात कहने लगे।
ताराचंद ने उन्हें लाडवा में इन्द्री चौक पर मोटरसाइकिल दिखाने की बात कही। जब वह लाडवा में उनके साथ मोटरसाइकिल दिखाने गया तो एक औरत व एक नाबालिग लड़की उन्हें कहने लगी कि मोटरसाइकिल देखने वाला व्यक्ति तो दबदलान गांव में मिलेगा। जो वह उन दोनों औरतों को मोटरसाइकिल पर बिठाकर दबदलान गांव की तरफ गया तो रास्ते में औरत ने उसे पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। जिसके पीते ही वह बेहोश हो गया। औरत व लड़की तथा उनका साथी पुरुष उसकी बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, गले से सोने की चेन, चांदी का ब्रैसलेट, पर्स जिसमें 12800 रुपये, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड व अन्य कागजात लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुुरू कर दी। पुलिस टीम ने फोन लोकेशन के आधार पर वारदात में शामिल नाबालिग लड़की को काबू करके जूनाइल कोर्ट में पेश किया जहां से वह जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोपी मग्गा सिंह उर्फ हरविंदर सिंह वासी खान अहमदपुर थाना मुलाना जिला अंबाला और चरणजीत कौर उर्फ डौली वासी मंदार जिला यमुनानगर को यमुनानगर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मुकदमा में गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से वारदात के समय छीने गए एक बुलेट मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक चेन सोना, चांदी का ब्रेसलेट, चार हजार रुपये, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व अन्य कागजात बरामद किए गए। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें हिरासत में भेज दिया है।