कुरुक्षेत्र/पिहोवा/शाहाबाद। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को जिला अदालत के न्यायिक परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस लोक अदालत में 11 हजार के करीब लंबित मामलों के निपटारे की उम्मीद है। आवेदन करने के अंतिम दिन शुक्रवार को जिला अदालत में फरियादियों की लंबी कतारें लगी दिखाई दीं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीतिका भारद्वाज ने बताया कि लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति से विवादों का निपटारा करना है जिससे पक्षकारों को त्वरित और किफायती न्याय मिल सके। इसमें दीवानी, फौजदारी, मोटर वाहन दुर्घटना, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद और अन्य लंबित मामले शामिल हैं। इस लोक अदालत के लिए करीब नौ हजार से ज्यादा फरियादियों ने आवेदन जमा कराए हैं। शनिवार को छह जजों की बेंच इन मामलों की सुनवाई जिला अदालत में करेगी व एक-एक जज शाहाबाद व पिहोवा में इन मामलों की सुनवाई कर इनका निपटान करेंगे।
राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए जिले में न्यायाधीशों की आठ बेंच बनाई गई हैं। इनमें छह बेंच जिला अदालत में बैठेंगी जबकि उपमंडल स्तर पर पिहोवा व शाहाबाद में अदालत में एक-एक बेंच सुनवाई करेगी। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों की पैरवी करने के लिए अधिवक्ता और मध्यस्थ मौजूद रहेंगे, जो पक्षकारों की सहमति से विवादों का निपटारा करवाने में अहम भूमिका निभाएंगे। प्राधिकरण ने लोगों से समय पर पहुंचकर इस पहल का हिस्सा बनने की अपील की है।
इन मुकदमों का होगा समाधान : छोटे स्तर के आपराधिक मामले, 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस से जुड़े मामले), बैंक संबंधी मामले, पारिवारिक कलह, वैवाहिक विवाद, श्रम कानूनों से संबंधित, भूमि विवाद, सिविल मामले, राजस्व मामले, बिजली संबंधी मामले, यातायात चालान, प्री-लिटिगेशन मामलों की सुनवाई होगी।