खंड के गांव मुरादनगर डेरा में घर में सो रही मां-बेटी को शनिवार देर रात्रि को सांप ने डस लिया। सांप के डसने से उन्हें लाडवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, अस्पताल ले जाते समय बेटी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, मां का कुरुक्षेत्र के लोकनायक जय प्रकाश अस्पताल में उपचाराधीन है। मामले की सूचना लाडवा पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक बच्ची का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार अनीता पत्नी अनिल निवासी डेरा मुरादनगर शनिवार रात्रि को अपनी 6 वर्षीय बेटी हीना के साथ घर में सो रही थी। सोते समय मां-बेटी को किसी जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के डसने की भनक लगते ही परिजन दोनों मां-बेटी को पहले लाडवा तो फिर कुरुक्षेत्र के सरकारी अस्पताल ले गए। अस्पताल ले जाते समय 6 वर्षीय बच्ची हीना की मौत हो गई, जबकि बच्ची की माता का कुरुक्षेत्र अस्पताल में इलाज चल रहा है।