कुरुक्षेत्र। विधि संस्थान में आयोजित लॉ फेस्ट में छात्रों को सम्मानित करते शिक्षक। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। विश्वविद्यालय में विधि संस्थान में आयोजित लॉ फेस्ट (विधि गाला) के दूसरे दिन विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। दिनभर चली विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला और अभिव्यक्ति से सभी को प्रभावित किया। संस्थान के निदेशक प्रो. अमित लूदरी ने कहा कि लीगल गेम्स विद्यार्थियों के बौद्धिक और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत लीगल गेम्स से हुई, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी मानसिक और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके बाद आयोजित मोनो एक्टिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने सामाजिक और कानूनी मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी संवाद अदायगी और भावनात्मक अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। एड मेड शो में छात्रों ने रचनात्मक विज्ञापनों के माध्यम से सामाजिक और कानूनी विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। दोपहर में स्टैंडअप कॉमेडी कार्यक्रम ने माहौल को हल्का-फुल्का बना दिया, जहां प्रतिभागियों ने समसामयिक विषयों पर व्यंग्य करते हुए दर्शकों को खूब हंसाया।
दिन का अंतिम और सबसे आकर्षक आयोजन क्राइम सीन प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रतिभागियों ने काल्पनिक अपराध घटनाओं का विश्लेषण कर अपनी जांच-पड़ताल और तार्किक क्षमता का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता ने छात्रों की कानूनी समझ को उजागर किया।
कार्यक्रम के अंत में निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन की सफलता में संस्थान के शिक्षकों और आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा।
यह दिन विद्यार्थियों के लिए न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि उनके व्यक्तित्व विकास और कानूनी ज्ञान को भी सशक्त करने में सहायक सिद्ध हुआ।