प्रदेश भर के लगभग 240 पीजीटी की लीव ट्रेवल कंसेशन, एलटीसी रुक गई है, जिससे इन शिक्षकों में गहरा रोष बना हुआ है। इन शिक्षकों में 236 अकेले कुरुक्षेत्र जिला से ही है जबकि बाकी दूसरे जिलों से बताए जा रहे है। मार्च माह मेें एलटीसी जारी किए जाने के शिक्षा विभाग के निर्देशों के बावजूद भी आज तक यक मामला लटका हुआ है।
जिसके चलते यह शिक्षक जिला शिक्षा विभाग से लेकर शिक्षा निदेशालय के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे है। इसी रोष के चलते ही रविवार को इन पीजीटी की एक बैठक हरियाणा स्कूल पीजीटी एसोसिएशन के बैनर तले गुर्जर धर्मशाला में हुई, जिसमें विभाग की कार्यप्रणाली पर गहरा रोष व्यक्त किया। बैठक में शिक्षकों ने कहा कि जहां अनेकों चक्कर काटे जाने के उपरांत निदेशालय ने इस संबंध में निर्देश जारी किए थे वहीं इसके बावजूद भी उनकी एलटीसी रुकी हुई है। हैरानी की बात है कि इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को वह पूरा विवरण दे चुकेे है और जिला शिक्षा अधिकारियों की ओर से उन्हें कई बार आश्वासन भी मिल चुका है, इसके बावजूद भी अधिकारियों ने आज तक उनकी फाइल को आगे नहीं बढ़ाया है। अधिकारियों के इस प्रकार के रवैये के चलते शिक्षकों में गहरा रोष बना हुआ है।
इसी के चलते ही सोमवार को दोपहर बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर कड़ा रोष व्यक्त किया जाएगा। इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पाई तो वह निदेशालय पर धरना देंगे और उसके बाद कानूूनी कार्रवाई के लिए उन्हें मजबूर होना पड़ेगा। बैठक में अजय सिंह, सुशील कुमार, विरेंद्र कुमार, ओमवीर यादव, कुलदीप, ईश्वर, विष्णु कुमार, संजीव वर्मा, सुनील कुमार, प्रवीण गर्ग, प्रवीण सैनी सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।