कुरुक्षेत्र। सुबह से ही मौसम में गर्मी का एहसास हुआ, जिसका असर दोपहर होने के साथ ही और बढ़ गया। लोगों को चिलचिलाती धूप के साथ-साथ गर्म लू का भी सामना करना पड़ा। लू से बचाव करने के लिए लोगों ने मुंह को ढककर अपना बचाव किया तो वहीं महिलाएं छतरी का प्रयोग कर गर्मी से अपना बचाव करती दिखाई दी।
मौसम में बढ़ती गर्मी के कारण शीतल पेय पदार्थ बेच रहे दुकानदारों की चांदी रही, जबकि तेज गर्मी का असर बाजारों में भी देखने को मिला, जिसके कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। सायं होते ही हवा रुकने के कारण लोगों को गर्मी के साथ घुटन का भी अहसास होने लगा। देर सायं तेज आंधी ने दस्तक देकर मौसम में बढ़ रही गर्मी को कुछ हद तक कम किया। मौसम में अचानक हुए बदलाव के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश होने की आशंका है। बारिश होने से लोगों को राहत मिलेगी।