कुरूक्षेत्र। कुटा कार्यालय में बैठक करते प्रधान प्रो. संजीव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी।
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से चुनाव कराने की अनुमति मिलने के बाद परिसर में हलचल शुरू हो गई है। इस बार कौन केयू शिक्षक संघ (कुटा) प्रधान पद के लिए अपनी भागेदारी सुनिश्चित रहेगा और साज किसने सिर पर सजेगा? ऐसी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि शनिवार को कुटा कार्यालय में प्रधान प्रो. संजीव शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में चुनावी शेड्यूल तैयार किया गया। कुटा चुनाव की प्रक्रिया पांच अक्तूबर से तैयार हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार पांच अक्तूबर सुबह 11 बजे सदस्य की सूची तैयार की जाएगी और 6 तारीख को शाम 4 बजे तक अपनी आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। इसके पश्चात इसी दिन शाम पांच बजे सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके अलगे दिन सात अक्तूबर को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक उम्मीदवार नामांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं और शाम 4 से 5 बजे के बीच आवेदनों की छंटनी की जाएगी। नामांकन वापस लेने का समय 10 अक्तूबर दोपहर एक बजे तक का रखा गया है। इसी दिन 2 बजे उम्मीदवारों की फाइनल सूची तैयार कर चुनाव चिह्न दिये जाएंगे। और 20 अक्तूबर को सुबह 9 बजे से दोपहर ढाई बजे तक कुटा कार्यालय में मतदान होगा और साढ़े तीन बजे मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किये जाएंगे। इसके पश्चात कुटा की नई कार्यकारिणी को केयू के सीनेट हॉल में 21 अक्तूबर शाम 4 बजे शपथ दिलाई जाएगी। बता दें कि इस बार केयू प्रशासन ने कोविड-19 के चलते एसओपी को कुटा चुनाव कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोविड-19 की गाइड लाइन का विशेष रूप से ध्यान रखा जाएगा। अधीक्षक कृष्ण चंद्र पांडे को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।