कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के तीन प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ियों का चयन चीन के चेंगदू में आयोजित होने वाली वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 के लिए हुआ हैं। यह प्रतियोगिता 28 जुलाई से शुरू होकर आठ अगस्त तक चलेगी। केयू के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिलने के कारण जहां केयू परिसर में खुशी का माहौल है, वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाले तीनों खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में खेलने के लिए उत्साहित हैं।
प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में डीएवी कॉलेज करनाल से सावन, समीर चौधरी और भगवान परशुराम कॉलेज कुरुक्षेत्र से अमन कुमार के नाम शामिल हैं, जो कि पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। तीनों चयनित खिलाड़ी केयू की वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ी हैं और इनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के कारण केयू ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल में उत्कृष्ट स्थान हासिल किया है।
केयू के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि इन खिलाड़ियों का चयन उनके असाधारण कौशल और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है। वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स एक ऐसा मंच है, जो कि दुनिया भर के असाधारण छात्र-एथलीटों को एक साथ लाता है। इससे अंतरराष्ट्रीय खेल भावना को बढ़ावा मिलता है और प्रतिभागियों को भी मूल्यवान अनुभव प्राप्त होते हैं। उन्होंने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए चयनित होने वाले तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
खेल निदेशक डॉ. राजेश सोबती ने बताया कि केयू के खिलाड़यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल रहा है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए इस बार केयू ने छठा स्थान हासिल किया था।