कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ‘एजुकेशन वर्ल्ड’ की ओर से जारी रैंकिंग में पूरे भारत में 19वां और प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। विश्वविद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। इससे विश्वविद्यालय परिसर में खुशी की लहर है।
यह रैंकिंग देशभर के 2,175 शिक्षाविदों, उद्योग जगत के विशेषज्ञों और छात्रों के बीच किए गए एक व्यापक सर्वेक्षण पर आधारित है। विभिन्न शैक्षणिक मापदंडों के मूल्यांकन में केयू देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में उभरकर सामने आया है।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और उच्च स्तरीय अनुसंधान के प्रति प्रतिबद्धता को दिया। उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान संस्थान की शिक्षण और अनुसंधान में उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रमाण है। साथ ही विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को उसकी मूल भावना के अनुरूप लागू करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया है।
कुलपति ने इस सफलता के लिए सभी शिक्षकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी और विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहचान से विश्वविद्यालय को वैश्विक शैक्षणिक मानकों को हासिल करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
आईक्यूएसी सेल के प्रमुख प्रो. तेजेंद्र शर्मा ने बताया कि विवि ने राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष विश्वविद्यालयों में 19वां स्थान प्राप्त किया है और राज्य में सर्वोच्च स्थान हासिल कर हरियाणा में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावी रूप से लागू करने वाले अग्रणी संस्थानों में शामिल है।
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि वर्ष 1956 में स्थापित कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय देश के प्रतिष्ठित बहु-विषयक संस्थानों में से एक है। विश्वविद्यालय अपनी समृद्ध विरासत और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के साथ नवाचार और समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
-
धरोहर हरियाणा संग्रहालय का स्थापना दिवस 27 को
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के धरोहर हरियाणा संग्रहालय में 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर 27 अप्रैल को हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष संग्रहालय अपने 20 वर्ष पूर्ण कर रहा है। यह कार्यक्रम प्रातः 9.30 बजे संग्रहालय परिसर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल विशिष्ट अतिथि होंगे। संग्रहालय के प्रभारी प्रोफेसर डॉ. विवेक चावला ने बताया कि यह आयोजन भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित हवन यज्ञ से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा और विश्वविद्यालय परिवार को एकजुट होने का अवसर मिलेगा।
कुरुक्षेत्र। केयूके श्री कृष्णा द्वार। संवाद