Haryana: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को मिला ए प्लस प्लस ग्रेड, यूनिवर्सिटी परिसर में खुशी की लहर
Fri, 02 Feb 2024 03:39 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय को ए-प्लस-प्लस ग्रेड मिलने से शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों में उत्साह व जोश आएगा। विश्वविद्यालय आगे बढ़े इसके लिए यह उत्साह हर स्तर पर जरूरी है।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र ए प्लस प्लस ग्रेड से नवाजा गया है जिसको लेकर विश्वविद्यालय परिसर में खुशी की लहर है और सुबह से ही बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
विज्ञापन
राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा 13 से 15 सितंबर को किए गए निरीक्षण के आधार पर कुवि को 3.56 के स्कोर से ए प्लस प्लस ग्रेड दिया गया है। यह ग्रेड विश्वविद्यालय द्वारा किए गए कार्य को देखते हुए दिया गया है। तीन दिवसीय निरीक्षण के बाद नेक टीम का परिणाम तीन चार महीने बाद जारी किया गया है जो की 30 प्रतिशत निरीक्षण पर निर्भर करता है और 70 प्रतिशत विश्वविद्यालय द्वारा जमा करवाए गए दस्तावेजों पर निर्भर करता है।
इससे पहला विश्वविद्यालय वर्ष 2017 से ए प्लस ग्रेड था अब ए प्लस प्लस ग्रेड मिलने के बाद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति ने पत्रकार वार्ता की तो इसके लिए शिक्षकों कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को बधाई दी है उन्होंने कहा कि सभी के मिलकर किए गए सार्थक प्रयासों से ही है संभव हो पाया है।
विज्ञापन
कुलपति प्रो. सोमनाथ ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय हरियाणा का ही नहीं देश का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय है। कुवि ने सर्वप्रथम यूजी प्रोग्राम में पूरे प्रावधानों के साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू किया है और पीजी स्तर पर एनईपी को सत्र 2024-25 से लागू किया जाएगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों के मद्देनजर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा 19 ऑनलाईन प्रोग्राम्स शुरू किए गए हैं। अनुसंधान एवं वैज्ञानिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर एमओयू किए गए हैं। विश्वविद्यालय में शोध को बढ़ावा देने के लिए पेंटेट दर्ज करने के लिए इको सिस्टम विकसित किया गया है। अब तक 63 पेटेंट दर्ज किए जा चुके हैं।
ए-प्लस-प्लस ग्रेड से शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ेगा
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि विश्वविद्यालय को ए-प्लस-प्लस ग्रेड मिलने से शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों में उत्साह व जोश आएगा। विश्वविद्यालय आगे बढ़े इसके लिए यह उत्साह हर स्तर पर जरूरी है। आने वाले समय में विश्वविद्यालय का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ग्रेड प्राप्त करने का प्रयास होगा। हमारी कोशिश होगी कि यह उत्साह आने वाले वर्षों में यूं ही बना रहे। उन्होंने ज्ञान सृजन को विकसित भारत के लिए जरूरी बताया।