कुरुक्षेत्र। स्टेशन से गुजरती ट्रेन। संवाद
कुरुक्षेत्र। खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे विभाग की ओर से चार दिन के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और नववर्ष के अवसर पर यात्रियों की मांग को देखते हुए कुरुक्षेत्र से फुलेरा और फुलेरा से कुरुक्षेत्र के बीच चार दिन के लिए विशेष रेलगाड़ी चलाई जा रही है। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से हरियाणा के साथ पंजाब व आसपास के क्षेत्रों से खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा ने बताया कि यह स्पेशल गाड़ी कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से 29, 30, 31 दिसंबर और 1 जनवरी को फुलेरा के लिए रवाना होगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन फुलेरा से 30, 31 दिसंबर और 1 व 2 जनवरी को कुरुक्षेत्र के लिए चलाई जाएगी। ट्रेन का रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा जिससे आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
हर वर्ष नए साल और खाटू श्याम जी के मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा देखने को मिलता है। ऐसे में विशेष ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए सुविधाजनक साबित होगा और भीड़ प्रबंधन में भी मदद मिलेगी। श्रद्धालुओं का कहना है कि सीधी ट्रेन सेवा मिलने से समय, पैसा और यात्रा की परेशानी तीनों से राहत मिलेगी। विभाग की इस पहल से खाटू श्याम जी जाने वाले हजारों भक्तों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अवसर मिलेगा।