कुरुक्षेत्र। शहर के सदर थाना क्षेत्र के एक स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा से शिक्षक की ओर से अनुचित व्यवहार के प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा निदेशालय को भेज दी गई है। हालांकि अभी तक आरोपी शिक्षक को निलंबित नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार छात्रा की शिकायत पर 19 दिसंबर को संबंधित शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी शिक्षक टीजीटी हिंदी बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने न्यायालय में पेश कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस स्तर पर मामले की जांच जारी है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी इंदू कौशिक ने बताया कि विभाग ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा निदेशालय को रिपोर्ट भेज दी है। निदेशालय से दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।