संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से रोहतक के चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे पटौदी ट्रॉफी टूर्नामेंट में रोमांचकारी मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। शनिवार को टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। जिसमें कुरुक्षेत्र और महेंद्रगढ़ की टीम के बीच मुकाबला हुआ। कुरुक्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महेंद्रगढ़ की टीम को 91 रन से हराकर सेमी फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए कुरुक्षेत्र ने निर्धारित 50 ओवरों में 353 रन बनाए और इसके जवाब में महेंद्रगढ़ की टीम 42 ओवर में 262 रन पर ऑल आउट हो गई। जिले की टीम की पारी की शुरुआत बेहद दमदार रही। ओपनर रोहित कुमार ने 127 रन (129 गेंद) की शानदार पारी खेली, जिसमें कई चौके-छक्के शामिल थे। उनके साथ निर्माण जुनेजा ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 107 रन (101 गेंद) बनाए।
अंत में सुजल शेखर ने ताबड़तोड़ अंदाज में 53 रन सिर्फ 27 गेंदों में बनाए, जिससे टीम का स्कोर 353/8 तक पहुंच गया। महेंद्रगढ़ की गेंदबाजी में टीनू गोयल सबसे सफल रहे, जिन्होंने चार विकेट लिए।
आयुष शर्मा को दो विकेट मिले। 354 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी महेंद्रगढ़ की शुरुआत ठीक रही। इनाम ने 73 रन (78 गेंद) और अभिमन्यु तंवर ने 66 रन (87 गेंद) बनाए। इसके बाद तुषार भारद्वाज ने भी 54 रन की तेज पारी खेली, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही और पूरी टीम 262 रन पर सिमट गई।
कुरुक्षेत्र की तरफ से आदित्य शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके, जबकि भरत यादव और विश्वास सरोहा को 2-2 विकेट मिले। इस शानदार जीत के साथ कुरुक्षेत्र की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया है।