KU's website closed, one and a half lakh candidates were waiting for an hour question paper
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की शनिवार को फिर उस वक्त वेबसाइट बंद हो गई, जब करीब डेढ़ लाख विद्यार्थी अपने विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षा देने के लिए प्रश्न-पत्र का इंतजार कर रहे थे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट एक घंटे तक बंद रही। परीक्षार्थियों पर मानसिक दबाव बनता जा रहा था। मिनट-मिनट के अंतराल में परीक्षार्थी वेबसाइट को रिफ्रेश कर रहे थे, ताकि वेब साइट से प्रश्न-पत्र डाउनलॉड करके परीक्षा दे सके। मिली जानकारी के अनुसार तीन अक्तूबर को आयोजित नियमित, दूरवर्ती पाठ्यक्रमों तथा प्राइवेट विद्यार्थियों की स्नातक/स्नातकोत्तर की परीक्षा (दोपहर सत्र) में ठीक 2 बजे वेबसाइट बंद हो गई, जो करीब तीन बजे चली। तब जाकर परीक्षार्थियों ने प्रश्न-पत्र डाउनलॉड किया और परीक्षाएं दी।
हालांकि केयू प्रशासन ने परीक्षार्थियों को उत्तर-पुस्तिका अपलॉड करने का समय शाम 6:30 बजे तक दिया गया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. हुकम सिंह ने बताया कि बीए पार्ट-1 की परीक्षाएं जोकि केयू की अधिसूचना के अनुसार स्थगित कर दी गई थी। इन विद्यार्थियों की संख्या करीब डेढ़ लाख के करीब होने पर सिस्टम पर पड़ने वाले दबाव को देखते हुए विश्वविद्यालय ने 3 अक्तूबर से परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया लेकिन बीए. पार्ट-1 का पर्यावरण अध्ययन का पेपर और अन्य सभी कक्षाओं के पेपरों के होने के कारण केयू के सर्वर पर परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई। इस तकनीकी समस्या के चलते सभी परीक्षार्थियों को दोपहर सत्र वाले पेपरों को तीन बजे वेबसाइट से डाउनलोड करना पड़ा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए आज आयोजित सभी परीक्षाओं की उत्तर-पुस्तिका अपलोड करने का समय शाम 6.30 बजे तक कर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। इस अधिसूचना को तुरंत प्रभाव से वेबसाइट onlinepaper.kuk.ac.in पर अपलोड कर दिया गया, ताकि परीक्षा में बैठने वाले सभी विद्यार्थी इस अधिसूचना से अवगत हो सकें। इसके साथ ही सभी विभागों/संस्थानों/कॉलेजों के अध्यक्ष/निदेशकों/प्राचार्यों को इस बारे अधिसूचना के माध्यम से अवगत करा दिया गया ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा परिणाम घोषित होने में मुसीबतों का सामना न करना पड़े।
डॉ. हुकम सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा पहले ही 3 अक्तूबर से आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही वैकल्पिक ई-मेल आईडी जोकि इन परीक्षार्थियों के लिए मात्र 10 थी, उन्हें बढ़ाकर 54 कर दिया गया है।