कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल पुरुष टीम ने पिछले 18 वर्षों से लगातार नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता जीतती आ रही है। इस बार भी यह प्रतियोगिता जीतने में कामयाब रही और स्वर्ण पदक का खिताब कायम रखा। यह प्रतियोगिता महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड यूनिवर्सिटी बरेली में हुई। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल पुरुष टीम ने एक बार फिर से अपने खेल प्रदर्शन से सबको मंत्रमुग्ध करते हुए 19वीं बार नार्थ जोन का खिताब जीता है।
केयू के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा तथा कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने टीम के खिलाड़ियों तथा कोच राजेश कुमार तथा मैनेजर बलकार सिंह को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। केयू की टीम ने एलपी यूनिवर्सिटी फगवाड़ा की टीम को 3-1 से हराया एवं लीग मुकाबलों की श्रंखला में प्रवेश कर गई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम ने लीग में एचपीयु शिमला को 3-0 से, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 3-0 से तथा जी ऍन डी यूनिवर्सिटी अमृतसर को 3-1 से हराया।
टीम कोच राजेश कुमार ने बताया की नार्थ जोन में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी पहले स्थान पर, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ दूसरे, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर तीसरे एवं हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी चौथे स्थान पर रही। केयू के खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि नार्थ जोन की श्रेष्ठ चार टीमें ऑल इंडिया खेलने के लिए चुनी जाती हैं तथा ऑल इंडिया वॉलीबॉल पुरुष प्रतियोगिता इस बार मंगलौर यूनिवर्सिटी में एक से आठ जनवरी को कराई जाएगी, जिसमें जोनल लेवल पर पहले दूसरे तीसरे एवं चौथे स्थान पर आयी हुई 16 टीमें मुकाबले में भाग लेंगी।