कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (केयू) के फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग में परीक्षा के दौरान उत्तरपुस्तिका में गड़बड़ी के मामले में क्लर्क सतीश को निलंबित कर दिया गया है। इसी मामले में करीब तीन महीने पहले भी एक क्लर्क को निलंबित किया जा चुका है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब तक दो क्लर्कों पर कार्रवाई हो चुकी है।
असल में मई जून के दौरान हुई परीक्षा के दौरान जापानी पेन की स्याही का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। जो बाद में सूखने के बाद गायब हो जाती है। आरोप है कि स्याही सूखने के बाद आंसर शीट को निकालकर विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाता था। जहां विद्यार्थी उन पर अपने पेन से उत्तर लिखते थे, जिसे दोबारा जमा करवा दी जाती थी, इसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं की चेकिंग होनी थी। हालांकि इसका समय रहते खुलासा हुआ, खुलासा होने के बाद मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई। जहां जांच कमेटी ने सामने आए तथ्यों के आधार पर विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा कार्रवाई की गई है।