चंडीगढ़-हिसार नेशनल हाइवे पर टोल प्लाजा थाना व सैनी माजरा पर किसानों का धरना 35वे दिन भी जारी रहा। किसानों के धरने को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं वीरवार सुबह पिहोवा के बीडीपीओ नरेंद्र पुलिस बल के साथ थाना टोल प्लाजा पर पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों से बातचीत करके धरना समाप्त करने की मांग की, लेकिन किसानों ने उनकी मांग को ठुकरा दिया। किसानों के इस रवैये को देखते हुए प्रशासन की ओर से टोल प्लाजा पर पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उधर, किसानों ने अपना रूख साफ कर दिया है कि उन्हें किसान संगठनों से टोल प्लाजा से धरना उठाने के कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए है। लिहाजा उनका धरना पहले की भांति जारी रहेगा। प्रशासन की सख्ती का जवाब शांति से दिया जाएगा। पुलिस का किसी तरह का कोई विरोध नहीं किया जाएगा। अगर पुलिस प्रशासन उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भी डाले तो वह उनके लिए भी तैयार है।
किसानों ने मांग है कि टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि कोई असामाजिक तत्व किसानों की आड़ में किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके। उधर, गांव सैनी माजरा टोल प्लाजा पर गत दिवस किसानों की गैर मौजूदगी में नग्गल थाना पुलिस द्वारा तंबू को उखाड़ने की घटना के बाद रात को ही किसानों की बैठक हुई। बैठक में पुलिस के रवैये की कड़ी निंदा की गई । इस दौरान धरने को लेकर नई रणनीति बनाई गई। अब किसानों ने स्वयं ही धरने की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। टोल टैक्स संघर्ष समिति के प्रधान गुरनाम सिंह व उपप्रधान मनजीत सिंह ने कहा कि किसान गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लेने के लिए गए हुए थे। इसका फायदा उठाते हुए प्रशासन ने उनके तंबू उखाड़ दिए थे। जैसे ही संघर्ष समिति के सदस्यों को इसकी भनक लगी, समिति की एक बैठक बुलाकर नई रणनीति बनाई। इसके तहत टोल प्लाजा पर ज्यादा संख्या में मौजूद रहेंगे और स्वयं ही अपने आसपास निगरानी भी रखेंगे। इस मौके पर राजदुलार, सुखवीर, रजौर सिंह, सुखविंद्र, जसवीर, मानसिंह, संग्राम, फूल सिंह, अमन, काला सहित किसान मौजूद रहे। वहीं दिल्ली में हुई घटना का असर किसान लंगर शिविर पर भी पड़ने लगा है। क्षेत्र में कई किसान लंगर शिविर बंद हो गए है। गांव सांवला में चल रहा किसान लंगर शिविर को किसानों ने बंद कर दिया है।
परेड में शामिल होने गए ट्रैक्टर आ रहे वापस: नरमेल सिंह
ट्रैक्टर परेड से लौटे किसान नरमेल सिंह ने बताया कि उनके गांव दानीपुर से 12 ट्रैक्टर-ट्राली ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए सिंघू बॉर्डर गए थे। वहां पर किसानों की तरफ से कोई हिंसक घटना नहीं हुई है। किसान नियमों का पालन करते हुए ट्रैक्टर परेड में शामिल हुए थे। परेड में शामिल हुए किसान घर लौट रहे है। किसानों केे ओर से कोई भी हिंसक घटना नहीं की गई है।
कोई अल्टीमेटम नहीं दिया गया है: नरेंद्र कुमार
पिहोवा के बीडीपीओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि थाना टोल प्लाजा पर किसानों से धरना समाप्त करने का आग्रह किया गया था, लेकिन किसानों ने अगले आदेश के बाद धरना समाप्त करने का आश्वासन दिया गया है। किसानों को अल्टीमेटम के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसानों को किसी तरह का कोई अल्टीमेटम नहीं दिया गया है उनके पास ऐसे कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए है।
पुलिस बल किया गया तैनात: विक्रांत
पिहोवा थाना सदर प्रभारी विक्रांत ने बताया कि किसी भी स्थिती से निपटने के लिए थाना टोल प्लाजा पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। वीरवार को बीडीपीओ की अगुवाई में किसानों से बातचीत भी की गई थी, लेकिन अभी भी किसान धरना दे रहे है। इसे देखते हुए पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।