घर में घुसकर महिला से मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक महिला सहित तीन पर मामला दर्ज हुआ है। सुखविंद्र कौर वासी डल्ला माजरा ने थाना में दी शिकायत में बताया कि 22 जनवरी की रात बलजीत, बलविंद्र सिंह व रणजीत कौर वासी डल्ला माजरा बिना किसी वजह से उनके घर के आगे खड़े होकर गाली गलौच करने लगे। इस पर उसने पुलिस को फोन करके शिकायत दी। इस पर बलजीत सिंह मेन गेट से व रणजीत कौर लकड़ी की सीढ़ी लगाकर घर में घुस आए। उन्होंने गाली गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट की। वहीं बलविंद्र सिंह घर के बाहर से ही गाली गलौच करता रहा। शोर मचाने पर सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।