कुरुक्षेत्र। गांव किरमिच जिले का मॉडल सोलर गांव बना है। इसका चयन जिले के 21 गांवों में से हुआ है। अब गांव को सरकार की ओर से एक करोड़ का अनुदान मिलेगा। इससे गांव की पूरी तरह से कायाकल्प होगी।
प्रतियोगिता अवधि समाप्त होने के बाद सभी 21 गांवों का आंकलन जिला स्तरीय कमेटी की ओर से किया गया। इस कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार इस प्रतियोगिता की अवधि के दौरान गांव किरमच के लोगों ने केंद्र तथा राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाया। गांव के लोगों ने घर की छतों पर 61.1 किलोवाट के 17 सोलर प्लांट लगवाए हैं। इसके आधार पर ही मॉडल गांव बन पाया है।
जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा का कहना है कि अब गांव को एक करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी जोकि गांव में सार्वजानिक, सामुदायिक स्थानों पर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में ही खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक विस्तृत परियोजना तैयार की जाएगी, जो जिला स्तरीय कमेटी की ओर से अनुमोदन उपरांत केंद्र सरकार को भेजी जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना चलाई जा रही हैं। इस योजना का एक घटक मॉडल सोलर गांव है जिसका उद्देश्य देश के प्रत्येक जिले में एक आदर्श सोलर गांव बनाना है। इस योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला स्तरीय कमेटी की ओर से 21 गांव, जिनकी जनसंख्या पांच हजार से ज्यादा है, का चयन किया गया था। इन चयनित सभी गांवों को छह माह की प्रतियोगिता अवधि के दौरान जन भागीदारी को सुनिश्चित करते हुए तथा राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए सौर उर्जा के क्षेत्र में अधिक से अधिक कार्य करना था और सौर ऊर्जा उपकरणों को 4 अगस्त तक स्थापित करना था।