बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जहां विभिन्न संस्थाओं ने रावण दहन व अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया, वहीं धर्मनगरी में पहली बार दो जगहों पर दशहरा उत्सव मनाया गया। मुख्य समारोह थीम पार्क में कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी द्वारा आयोजित किया गया, जहां रावण के 70 फीट, कुंभकरण के 50 फीट एवं मेघनाद के 40 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया गया। वहीं, वशिष्ठ कॉलोनी में 52 फीट ऊंचे रावण के पुतले को आग के हवाले किया गया। थीम पार्क में कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव के कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी के संरक्षक एवं इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने की, जबकि मुख्यातिथि के रूप में विधायक सुभाष सुधा उपस्थित हुए। राज्यसभा सांसद रामकुमार कश्यप तथा कुरुक्षेत्र के एसपी सिमरदीप सिंह इस उत्सव में वशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इसके अलावा कुलदीप शर्मा गोल्डी, डिवाइन सिटी के एमडी हरीश लूथरा, राम स्वरूप चोपड़ा, मुकन्द लाल अरोड़ा, प्रदीप झांब, पवन मिगलानी, यशेन्द्र शर्मा, डॉ. संतोष दहिया, केसर सुभाष गुलाटी, फतेहचंद गांधी, पूर्व पार्षद विवेक मैहता, गोरे लाल, दीपक वर्मा, डॉ. शाम आहूजा, धर्मेन्द्र सचदेवा, नितिन मैहता, विनय मिगलानी, नवीन बजाज, धीरज गुलाटी, रामपाल शर्मा, राजिन्द्र वर्मा, हिमांशु अरोड़ा, माया राम चन्द्रभानपुरा, गोरे लाल, यश गुलाटी, सोमनाथ कक्कड़ आदि ने इस उत्सव में भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अशोक अरोड़ा तथा सुभाष सुधा ने पूजा कर भगवान राम को तिलक किया।
दशहरा उत्सव में शमां खान ने शानदार आतिशबाजी का प्रदर्शन किया। भगवान राम और रावण के बीच पूरे युद्ध का रोमांचक दृश्य लोगों ने देखा। दशहरा देखने के लिए हजारों लोग थीम पार्क में इक्ट्ठा हुए थे।
सर्जिकल स्ट्राईक पर सेना को सैल्यूट : अरोड़ा
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष एवं कमेटी संरक्षक अशोक अरोड़ा ने कहा कि दशहरे का उत्सव बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। आज देश में बुरी ताकतें सिर उठा रही हैं। दशहरा यह संदेश देता है कि इन बुरी ताकतों का खात्मा किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों को दशहरा उत्सव की बधाई देते हुए कहा कि रावण एक बहुत विद्वान था, लेकिन अंहकारी होने के कारण उसका अंत हुआ। अशोक अरोड़ा ने समाज में फैल रही भ्रूणहत्या को समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि समाज में फैली बुराइयों को दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के शहीदों को पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल ऑपरेशन करने पर सैल्यूट करते हुए कहा कि देश की जनता को अपनी सेना पर गर्व है।
अहंकार का हुआ खात्मा : सुधा
विधायक सुभाष सुधा ने दशहरा पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह उत्सव आपसी भाईचारे का त्योहार है। भगवान राम ने रावण का वध करके उसके अहंकार को खत्म किया था। राजसभा सदस्य राम कुमार कश्यप ने कहा कि आदर्श जीवन जीने के लिए रामायण का अनुसरण करना जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में भगवान राम मेघनाथ, कुुंभकरण और रावण के पुतलों का अग्नि बाण चलाकर दहन किया।
पुतलों के साथ सेल्फी लेने में मशगुल हुए लोग
थीम पार्क मैदान में रावण, कुंभ करण, मेघनाथ के पुतलों के दहन को देखने आए लोगों की भीड़ दोपहर से ही जुटनी शुरू हो गई थी। मंगलवार को स्कूल, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में छुट्टी होने के चलते शहरवासी अपने बच्चों को को लेकर थीम पार्क में पहुंचे थे। बहुत से अभिभावक बच्चों की फोटो खींचने और पुतलों के समक्ष सेल्फी लेने में मशगूल थे। ग्रामीण क्षेत्रों से लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में 2 बजे से ही थीम पार्क में जमा होने शुरू हो गए थे।
लोगों ने खूब की खरीददारी
दशहरा उत्सव के चलते थीम पार्क के बाहरी और भीतरी कोनों पर दर्जनों अस्थाई दुकानें लगाई गई थी। इन दुकानों पर राम, हनुमान के मुखौटे, गदा, भाला, तीर कमान, तलवार, खिलौनों की जमकर खरीदारी हुई। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की रेहड़ियों पर भी खासी भीड़ देखी गई।
पहले अलग-अलग मंच पर तो फिर एक साथ दिखे अरोड़ा-सुधा
दशहरा पर्व के दौरान थीम पार्क में रावण दहन के दौरान पहले इनेलो प्रदेशाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र दशहरा कमेटी के संरक्षक अशोक अरोड़ा व मुख्यातिथि सुभाष सुधा अलग-अलग मंच पर बैठे रहे। लेकिन रावण दहन के समय दोनों एक मंच पर बैठे और दोनों ने ही उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
रावण की अस्थियों के लिए हुई मारपीट
दहन के बाद जलते हुए रावण के पुतले से अस्थियां उठाने के लिए उपस्थित भीड़ बेकाबू हो गई। इसके लिए मची आपाधापी के बीच मारपीट की भी नौबत आ गई। अनेकों युवक आपस में मारपीट करते रहे तो इस दौरान पुलिस कर्मियों ने भी उन्हें हटाने के लिए भरसक प्रयास किए। मारपीट में कई लोगों को चोटें भी आई।
विदेशी पर्यटकों में देखा रावण दहन का आकर्षण
थीम पार्क में विशाल स्तर पर मनाए दशहरा पर्व व रावण दहन को लेकर विदेशी पर्यटकों में भी आकर्षण दिखाई दिया। आधा दर्जन के करीब अर्जेनटाइना निवासी यह पर्यटक दशहरा पर्व व रावण दहन का खूब लुत्फ उठाते दिखाई दिए। हजारों लोगों की भीड़ के बीच किए रावण दहन को देख विदेशी पर्यटक गदगद हो गए।
लगा रहा जाम, पुलिस रही मुस्तैद
दशहरा पर्व व रावण दहन समारोह के हजारों लोग गवाह बने। समारोह स्थल पर उमड़ी भारी भीड़ के चलते रावण दहन से पहले व बाद में गुरुद्वारा छठी पातशाही व बिरला मंदिर की ओर लगभग डेढ़ घंटा जाम जैसी स्थिति बनी रही। गुरुद्वारे के बाहर सीटीएसएचओ मलकीत सिंह पुलिस बल के साथ तैनात रहे तो वहीं यहां से चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई। सभी वाहन सन्निहित सरोवर की ओर से भेजे गए। वहीं, ताऊ देवीलाल चौक के समीप भी पुलिस नाका लगाया गया और वाहनों को सन्निहित सरोवर की ओर से गुजारा गया।
वशिष्ठ कॉलोनी में हर्षोल्लास से मना पर्व
वशिष्ठ लायलपुर दशहरा कमेटी द्वारा भी पहली बार दशहरा पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इसमें नप चेयरमैन उमा सुधा मुख्यातिथि रही तो वहीं, विधायक सुभाष सुधा ने रावण दहन से पहले सेक्टर 13, 10 व मोहन नगर में निकाली गई शोभा यात्रा हो हरी झंडी देकर रवाना किया। इससे पहले पूजा अर्चना की गई। यहां दशहरा उत्सव व रावण दहन को देखने के लिए हजारों लोग जमा रहे। इस दौरान साहिल सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, मुकंद लाल, गुरदयाल सिंह, कमेटी प्रधान राधेश्याम वधवा, उपप्रधान प्रगट सिंह, मीडिया प्रभारी रघुवीर गर्ग, सुरेंद्र काठपाल व रवि अरोड़ा आदि भी मौजूद रहे।