किरमिच रोड पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों ही जिला करनाल के गांव संगरौली के रहने वाले थे। हादसा इतना भीषण था कि एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया तो दूसरे की पीजीआई जाते समय मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार राजू (35) और प्रेम (50) बाइक पर सवार होकर दशहरे के लिए कुरुक्षेत्र से कुछ सामान खरीदने के लिए आ रहे थे। वह सुबह ही घर से निकले और लगभग सात बजे एसकेएस स्कूल के समीप पहुंचे ही थे कि एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि ट्रक सामने से जा रहा था और जैसे ही बाइक को पार करने लगा तो उन्हें साइड मार दी। हादसे के तुरंत बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सड़क पर जाने वाले लोग उनकी मदद के लिए आए। हादसे में प्रेम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू को एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र में लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसको पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन पीजीआई पहुंचने से पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में रखा गया तो वहीं पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
दशहरे की खुशियां मातम में बदली
बाइक सवार सुबह घर से दशहरे के लिए सामान लेने के लिए निकले थे पर रास्ते में हादसे का शिकार हो गए एक और जहां परिवार दशहरे की खुशियां मना रहा था अचानक हादसे की खबर मिलने पर उनके परिवार शोक में डूब गए जबकि पूरे गांव मेें मातम छाया है।
परिवार का इकलौता सहारा था राजू
राजू परिवार में अकेला कमाने वाला था। उसकी उम्र लगभग 35 साल थी। वह हर रोज कुरुक्षेत्र मजदूरी के लिए आता था जिसके सहारे वह अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। बड़े बेटे की उम्र लगभग 7 साल और सबसे छोटा बेटा एक साल का है।