कुरुक्षेत्र। विजेता प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते आयोजक। स्वयं
पिपली। सांसद खेल महोत्सव के दूसरे चरण के तहत विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में पिपली खंड के गांव जिरबड़ी में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता हुई जिसमें कुल छह टीमों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में केसीए सीनियर गर्ल्स अकादमी कुरुक्षेत्र, एसकेएस किरमच, विश्वास पब्लिक स्कूल शाहबाद, खैरी लाडवा, वाईसीए शाहाबाद और बाबैन की टीमें शामिल रहीं।
रोमांचक मुकाबलों के बीच केसीए सीनियर गर्ल्स अकादमी कुरुक्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया जबकि एसकेएस किरमच की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के जोश और प्रतिभा ने मैदान में उत्साह का माहौल बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में बसंत लाल, सरपंच उमरी और विशिष्ट अतिथि के रूप में अमित मैहला, सरपंच जिरबड़ी रहे। कार्यक्रम के दौरान पूर्व तहसीलदार देशराज गुप्ता व सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए।
सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।