संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद एवं समग्र शिक्षा की ओर से शुक्रवार को जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कोरोना नियमों के कारण आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया।
विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन समग्र शिक्षा के जिला परियोजना समन्वयक विनोद कौशिक ने किया। एपीसी संजय कौशिक ने बताया कि साइंस मॉडल, विज्ञान ड्रामा, वाद-विवाद व पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनके विषय स्वच्छता व स्वास्थ्य, भविष्य के यातायात व संचार, कृषि विज्ञान, पर्यावरण, शैक्षणिक गेम व गणितीय मॉडल थे।
प्रतिभागियों ने अपने मॉडल व गतिविधियों संबंधित वीडियो ऑनलाइन उपलब्ध कराए। इन्हीं वीडियो के बारीकी से निरीक्षण के आधार पर निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किए। एपीसी संजय कौशिक ने बताया कि विभिन्न विषयों विज्ञान मॉडल स्पर्धा में राजकीय विद्यालय मुर्तजापुर की कनिका का मॉडल पहले स्थान के लिए चुना गया तो राजकीय विद्यालय त्योडा की नेहा का मॉडल दूसरे व कनीपला के ध्रुव कुमार का मॉडल तीसरे स्थान के लिए चुना गया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाबैन की तमन्ना व टीम ने पहला, शाहाबाद की तान्या व टीम ने दूसरा व राजकीय विद्यालय की किरण व टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। संजय कौशिक ने बताया विज्ञान पर आधारित पेंटिंग प्रतियोगिता में राजकीय विद्यालय शाहाबाद के तिलक ने पहला स्थान प्राप्त किया तो राजकीय विद्यालय मेहरा की स्नेहा व राजकीय विद्यालय खरींडवा की सुहानी ने क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया। विज्ञान ड्रामा में अमीन की टीम ने पहला, शाहाबाद की टीम ने दूसरा व मुर्तजापुर की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।