पिहोवा। सरस्वती तट पर 27 से 29 मार्च तक चैत्र चौदस मेले का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु सरस्वती तट पर स्नान करेंगे तथा अपने पित्रों की आत्मा की शांंति के लिए पाठ-पूजा करवाएंगे। मेले की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है और इसी के चलते मंगलवार को भी बैठक की गई। एडीसी सोनू भट्ट ने मेले के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी समय रहते चैत्र चौदस मेले की तैयारियों को पूर्ण कर लें। तैयारियों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि चैत्र चौदस मेले में देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। सभी को हर प्रकार की सुविधा मिले, इसके लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करना है।
एडीसी ने अधिकारियों से मेले से संबंधित फीडबैक ली। ने कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्य को पूरी ईमानदारी तथा सजगता के साथ करें तथा मेले के हर पहलू पर निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा का विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए क्योंकि चैत्र चौदस मेले में देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं तथा सरस्वती घाट पर पूजा अर्चना करवाते हैं।
बैठक में मेला प्रशासक एवं उपमंडल अधिकारी नागरिक कपिल कुमार ने विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। बैठक में नगरपालिका चेयरमैन आशीष चक्रपाणि, उप-प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र ढींगरा, केडीबी सदस्य रामधारी शर्मा, युधिष्ठिर बहल, तहसीलदार विनती, नगरपालिका सचिव मोहन लाल, मार्किट कमेटी सचिव चंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रामराज, बीडीपीओ पिहोवा व इस्माईलाबाद अंकित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लोग दे सकेंगे सुझाव, रखी जाएगी पेटी
एसडीएम ने कहा कि चैत्र चौदस मेले में एक सुझाव पेटी भी रखी जाएगी, जिसमें लोग अपने सुझाव उस पेटी में डाल सकते हैं। इस तरह से आने वाले समय में सुझावों को अमल में लाकर व्यवस्थाओं में और सुधार किया जाएगा।