कुरुक्षेत्र। गीता ज्ञान संस्थान में पांच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शुरू हुआ जिसका विधिवत उद्घाटन गीता मनीषी स्वामी और भारतीय रेडक्रॉस समिति, हरियाणा के महासचिव डॉ. सुनील कुमार ने किया। भारतीय रेडक्रॉस समिति शाखा चंडीगढ़ की ओर से 11 दिसंबर तक चलने वाले इस शिविर में 17 जिलों अंबाला, चरखी दादरी, भिवानी, गुरुग्राम, जींद, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, मेवात, पलवल, रेवाड़ी, सोनीपत, पंचकूला, सिरसा, यमुनानगर, पानीपत और फतेहाबाद से 143 जूनियर्स व 29 काउंसलर्स भाग ले रहे हैं।
गीता मनीषी ने कहा कि अच्छे और बुरे के प्रति विवेक अपने भीतर जाग्रत करें, तीन ए एक्टिव, अलर्ट और अवेयरनस का हमेशा ध्यान रखें।
आप जिस क्षेत्र में हैं, जहां हैं, उस क्षेत्र में श्रेष्ठ देने का प्रयास करें। गीता हमें सिखाती है कि जिस भी काम को हम करें, उसमें शारीरिक और मानसिकता रूप से उपस्थित रहे। महासचिव डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में जो भी सीख कर जाएं उसे अपने जिले में दूर-दूर तक प्रचार प्रसार करें। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से जूनियर रेडक्रॉस के इतिहास, रेडक्रॉस के इतिहास, रक्तदान, सीपीआर, प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण, विभिन्न विधाओं के माध्यम से लोक मंगल का संदेश देना सिखाया जाता है। सांयकालीन के सत्र में प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे प्रतिभागियों के लिए लक्की स्टार प्रतियोगिता का आयोजन करवाया गया।
इस अवसर पर विनीत गाबा, शिविर निदेशक, संयुक्त शिविर निदेशक सुमन बाला, ओमप्रकाश गांधी, कृष्ण कक्कड़, अंजू शर्मा, अंजू कुमारी, राकेश कुमार, डॉ. सत्य नारायण, विजयकुमार, डॉ. जय कुमार, आकाश यादव, राजेश कपूर, रंजीत, नंदलाल आदि गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।