संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। गांव मथाना में समाज सेविका सीमा कश्यप के सहयोग से उजाला सिग्नस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक अहलावत ने मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और निशुल्क दवा वितरित की।
इस मौके पर डॉ. अहलावत ने कहा कि इन दिनों हड्डियों व जोड़ों के दर्द से पीड़ित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। कुछ पीड़ित ऐसे हैं जो कैल्शियम की दवा खाते हैं और अपनी हड्डी को मजबूत करने में लगे रहे रहते हैं, लेकिन हर रोग की दवा सिर्फ कैल्शियम नहीं होती। डॉ. प्रतीक ने मरीजों को जागरूक करते हुए बताया कि कैसे वे इन बीमारियों से बचाव कर सकते हैं। इनका इलाज कैसे कराएं। लोगों ने हड्डी से संबंधित रोगों को लेकर सवाल जवाब भी किए, जिनका डॉ. प्रतीक ने जवाब भी दिया।
उन्होंने कहा कि रोगी जोड़ों में दर्द होने पर एक्सरे अवश्य करवाएं, ताकि दर्द की सही जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि योग व व्यायाम काफी हद तक दर्द के निजात मिल सकती है। कहा कि अत्याधिक वजन विशेषकर घुटनों में दर्द का कारण बनता है और इस बीमारी से बचने के लिए जरूरी है कि वजन को नियंत्रित रखें।
उन्होंने कहा कि उजाला सिग्नस अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत भी जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है। कहा कि अस्पताल में घुटनों को बदलने सहित अन्य सभी तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध है, जिनका मरीज फायदा उठा सकते हैं। इस मौके पर सतीश कुमार, स्टाफ नर्स कोमल, दीपक कुमार, सीता देवी मौजूद रहीं।