कुरुक्षेत्र। जननायक जनता पार्टी की ओर से 27 अप्रैल को हिसार में आयोजित होने वाली महापंचायत के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में जाट धर्मशाला में एक अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और महापंचायत की सफलता के लिए रणनीति बनाई गई।
प्रदेश युवा जेजेपी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर खैहरा ने कहा कि हिसार में होने वाली यह महापंचायत न्याय की लड़ाई को मजबूती देने का काम करेगी। इसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ हजारों की तादाद में लोग भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से समाज के हर वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह महापंचायत जन-जन की आवाज बन सके।
प्रदेश महासचिव होशियार सिंह किरमच ने कहा कि जननायक जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ इस महापंचायत की तैयारियों में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह महापंचायत प्रदेश की जनता की भावनाओं का प्रतीक बनेगी और इसमें हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में विश्वास दिलाया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों को लेकर हिसार पहुंचेंगे और इस महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। साथ ही, सभी ने संगठन की मजबूती और एकजुटता का परिचय देते हुए पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव होशियार सिंह किरमच, जगबीर मोहड़ी, दिलबाग सिंह गुराया, सूर्यप्रताप राठौड़, रंजिता सिंह, गुरलाल वड़ैच, अनवर खान, आदि उपस्थित रहें।