कुरुक्षेत्र। त्योहारी सीजन के चलते शहर के ज्वैलरी बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। ग्राहकों को आकर्षित करने और कारोबार को गति देने के लिए स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। सोने-चांदी के आभूषणों की नई-नई डिजाइन के साथ ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष योजनाएं भी पेश की जा रही हैं। करवा चौथ पर्व पर भी महिलाओं ने जमकर ज्वैलरी की खरीदारी की थी। अच्छा कारोबार होने के चलते दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।
अब धनतेरस पर ज्वैलर्स को कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। खासकर महिलाओं में आभूषणों को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। करवा चौथ पर सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक आभूषणों के साथ-साथ आधुनिक डिजाइन की ज्वैलरी को भी पसंद किया था। चेन, अंगूठी, इयररिंग्स, मंगलसूत्र और कंगन जैसे आभूषणों की मांग बनी रही, इसके अलावा हल्के वजन की ज्वैलरी भी ग्राहकों की पसंद में शामिल है।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर
स्थानीय ज्वैलर्स त्योहारी सीजन का लाभ उठाने के लिए अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेकिंग चार्ज में छूट, विशेष डिस्काउंट और अन्य आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। राजकुमार व सत्यप्रकाश का कहना है कि त्योहारी अवसरों पर लोग अपने बजट और पसंद के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण खरीदना पसंद करते हैं, ऐसे में ग्राहकों को बेहतर विकल्प उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है।
ज्वैलर्स राजकुमार के अनुसार त्योहारी सीजन में ग्राहकों की रुचि को देखते हुए दुकानों में नए डिजाइन के आभूषण उपलब्ध करवाए गए हैं। करवा चौथ पर अच्छी खरीदारी देखने को मिली है। ग्राहकों की सुविधा के लिए अलग-अलग रेंज में आभूषण रखे गए हैं। दुकानदारों का प्रयास है कि हर बजट के ग्राहक को उसकी पसंद के अनुसार विकल्प मिल सके। कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी त्योहारों पर भी ज्वैलरी बाजार में अच्छी रौनक रहेगी।
धनतेरस और दीपावली पर कारोबार बढ़ने की उम्मीद : मनोज गोयल
ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रधान मनोज गोयल का कहना है कि को उम्मीद है कि करवा चौथ के बाद धनतेरस और दीपावली पर भी बाजार में खरीदारी का उत्साह बना रहेगा। इन पर्वों पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। ऐसे में ग्राहक पहले से ही आभूषणों की डिजाइन और कीमतों के बारे में जानकारी लेने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बाजार में ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी।