कुरुक्षेत्र। सहकारी ऋण समिति कार्यालय समेत दो जगह से चोर नकदी, विदेशी मुद्रा, जेवर व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। चोर समिति व घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। वहीं एक व्यक्ति को दो युवक कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर उसकी चेन व कड़ा निकाल ले गए।
थाना केयूके में दर्ज शिकायत में बालकिशन निवासी कमोदा ने बताया कि वह कमोदा सहकारी ऋण एवं सेवा समिती लिमिटेड कमोदा में बतौर विक्रेता कार्यरत है। सुबह छह बजे चौकीदार अशोर कुमार ने उसे समिति के कार्यालय में चोरी होने की सूचना दी। चोर कार्यालय का ताला तोड़कर दो इन्वर्टर, बैटरी और 73 इंच की एलईडी चुराकर भाग गए।
उधर, रामपाल सिंह हाल किराएदार पटेल नगर ने बताया कि वह परिवार के साथ एलएनजेपी अस्पताल गया था। वह परिवार को अस्पताल में छोड़कर बीड़ी पीने के लिए गेट पर आ गया। यहां दो युवकों ने उसके पीछे आकर उसे कुछ सूंघा दिया और बेहोशी की हालत में रेलवे लाइन के पास ले गए। आरोपी उसके गले से सोने की चेन व हाथ से कड़ा लेकर फरार हो गए। इनकी कीमत दो लाख रुपये से ज्यादा है। होश आने पर उसने पुलिस को सूचना दी।
बॉक्स
घर से जेवर व विदेशी मुद्रा चोरी
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में किरण देवी निवासी शिव कॉलोनी ने बताया कि वह सात नवंबर को अपने परिवार के साथ घर को ताला लगाकर रिश्तेदार की शादी में पंजाब गई थी। चार दिन बाद लौटे तो घर के ताले टूटे पड़े थे। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर, अमेरिकी डॉलर, दुबई के दीरम व करीब 20 हजार रुपये नकद चुराकर ले गए। शिकायत पर पुलिस ने तीनों मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी।