कुरुक्षेत्र। श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान में सुशोभित गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन के लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी की ओर से एक जत्था सोमवार को रवाना किया गया।
यह जत्था सोमवार को श्री हरमंदिर साहिब अमृतसर में रात्रि विश्राम के बाद मंगलवार सुबह बाघा बाॅर्डर के माध्यम से पाकिस्तान में प्रवेश करेगा। यह संगत पाकिस्तान में सुशोभित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब, सच्चा सौदा, श्री पंजा साहिब, डेहरा साहिब, गुरुद्वारा श्री रोडी साहिब और श्री दरबार साहिब, श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करेगी। यहां से रवाना होने से पहले जत्थे में शामिल संगत और हरियाणा कमेटी के प्रधान, मैंबर साहिबान और अन्य पदाधिकारियों ने धन-धन साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के समक्ष शीश नवाया और सरबत के भले की अरदास की।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि संस्था की ओर से पाकिस्तान में सुशोभित गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन के लिए एक पत्र केंद्र सरकार को लिखा गया था। इसके बाद केंद्र सरकार की ओर से पाकिस्तान धार्मिक यात्रा पर प्रतिबंध को हटाते हुए वहां सुशोभित गुरुद्वारा साहिबान के दर्शन के लिए जत्था भेजने की स्वीकृति दी। उन्होंने बताया कि 200 लोगों का वीजा लगवाने के लिए आवेदन किया था लेकिन जांच-पड़ताल पूरी न होने की वजह से केवल 92 लोगों का ही वीजा लग पाया है। उन्होंने संगत से संस्था की ओर से अपील की है कि वह पाकिस्तान में गुरुद्वारा साहिबान में दर्शन के लिए सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। देश की छवि को ध्यान में रखते हुए कोई भी ऐसा कदम न उठाएं जिससे अपने देश के वर्चस्व पर कोई बात आए।
मेंबर हरमनप्रीत सिंह बुट्टर ने कहा कि यह जत्था पाकिस्तान में श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व मनाने के लिए जा रहा है। वहां प्रमुख कार्यक्रम गुरुद्वारा ननकाना साहिब में होगा जिसमें संगत शिरकत करेगी। बीबी जसबीर कौर मसाना ने बताया कि पहले हरियाणा की संगत का जत्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर की ओर से भेजा जाता था लेकिन अब हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से सेवा संभाल के बाद से यह कार्य अब हरियाणा कमेटी की ओर से किया जाता है। इस मौके पर यात्रा विभाग का कार्य संभाल रहे आईटी विंग प्रभारी हरकीरत सिंह, गुरुद्वारा साहिब के मैनेजर हरमीत सिंह, सुखजिंदर सिंह मसाना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
प्रकाश पर्व पर धर्मनगरी में महान नगर कीर्तन आज
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी की ओर से श्री गुरु नानक देव जी महाराज का प्रकाश पर्व श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। प्रकाश पर्व पर मंगलवार को महान नगर कीर्तन भी सजाया जाएगा। हरियाणा कमेटी के मेंबर हरमनप्रीत सिंह बुट्टर ने बताया कि 4 नवंबर को ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही पहली किरमिच रोड से महान नगर कीर्तन सजाया जाएगा। पारंपरिक वेशभूषा में पंज प्यारे नगर कीर्तन की अगुवाई करेंगे। सुखजिंदर सिंह मसाना ने बताया कि यह नगर कीर्तन किरमिच रोड, चनारथल रोड, नई सब्जी मंडी, कुटिया वाली गली, थानेसर बस स्टैंड, शास्त्री मार्केट, बिड़ला मंदिर से होते हुए देर शाम ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी में संपन्न होगा।